सीतापुर। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) अवध प्रांत की जिला बैठक शनिवार को जिला पंचायत स्थित नेहरू हॉल में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा की गई। प्रांत सहमंत्री प्रवीण ने पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देते हुए निर्धारित योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
बैठक में हितचिंतक अभियान, ऑनलाइन ऐप प्रशिक्षण, धर्म रक्षा निधि, संस्कार परीक्षा, सत्संग विस्तार सप्ताह, दुर्गाष्टमी और सामूहिक तर्पण कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। इसके साथ ही आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करते हुए प्रखंड स्तर पर बैठकें आयोजित करने, संत संपर्क बढ़ाने और मार्गदर्शक मंडल के गठन पर चर्चा हुई।
बैठक में बजरंग दल, दुर्गावाहिनी और मातृशक्ति की इकाइयों को सशक्त बनाने पर जोर दिया गया। तृतीय सत्र में संगठन के समक्ष आने वाली चुनौतियों, सोशल मीडिया पर नैरेटिव तथा वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों से जुड़े विषयों पर भी विचार साझा किए गए।
इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री इंद्रेश कुमार, जिला कार्याध्यक्ष प्रमोद सिंह, जिला मंत्री आशीष मिश्र, बजरंग दल जिला संयोजक शिवम अर्कवंशी, प्रांत युवा संत संपर्क प्रमुख विवेक शास्त्री, जिला सहमंत्री चंद्रकांत वाजपेयी, अरविंद तिवारी, सुशील शुक्ल, संदीप सक्सेना सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।