घर के बंटवारे को लेकर हुआ विवाद बना हत्या की वजह, संदना पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र में सगे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार लोहे का बांका भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता के निर्देशन में थाना संदना पुलिस टीम ने शुक्रवार को ग्राम तेंदुआ मजरा रघुनाथपुर स्थित खेत पर बनी झोपड़ी के पास से कोमल पुत्र भगौती और नन्दराम पुत्र भगौती को गिरफ्तार किया।
मामला थाना संदना क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ मजरा रघुनाथपुर का है। 22 अक्टूबर 2026 को गांव में झपेटे पुत्र भगौती का शव बरामद हुआ था। मृतक की पत्नी सीता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में घर के बंटवारे को लेकर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट की बात सामने आई। इसी दौरान आरोपियों पर अपने सगे भाई झपेटे की लोहे के बांके से प्रहार कर हत्या करने का आरोप है।
पुलिस ने आरोपी कोमल की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार लोहे का बांका बरामद किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रिन्स सोनकर, कांस्टेबल शिव महेन्द्र, दीपक चाहर और गौरव कुमार शामिल रहे।