सीतापुर — जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिधौली थाना पुलिस ने गुरुवार को एक शातिर अभियुक्त को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के पास से 12 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल द्वारा जनपद में लूट, चोरी, छिनैती व अन्य जघन्य अपराधों में संलिप्त वांछित अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी वेद प्रकाश श्रीवास्तव के निर्देशन में सिधौली पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
हुसैनगंज नहर पुलिया के पास हुई गिरफ्तारी
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त छोटू (उम्र 28 वर्ष), पुत्र स्व. हीरालाल, निवासी मोहल्ला तुलसीनगर, कस्बा व थाना सिधौली को ग्राम हुसैनगंज नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12 बोर का एक अवैध तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
इस संबंध में थाना सिधौली पर मु.अ.सं. 410/2026 धारा 25(1-B) आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त को विधिक कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय भेजा गया है।
अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त छोटू एक आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध सिधौली थाने में पहले से यूपी गैंगस्टर एक्ट (मु.अ.सं. 396/2021), आबकारी अधिनियम (मु.अ.सं. 397/2022) और आर्म्स एक्ट (मु.अ.सं. 35/2025) के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक हरिशचन्द्र यादव, आरक्षी प्रियांशू द्विवेदी, आदेश यादव, दीपक सिंह तथा हरगोविन्द शामिल रहे।












