सीतापुर: सीतापुर जनपद की नगर कोतवाली पुलिस ने करवा चौथ और आगामी त्योहारी सीजन की आड़ में बाजारों में हाथ साफ करने वाले अंतरजनपदीय महिला चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह की तीन महिला सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 14 पीतल के करवा, एक प्रेशर कूकर और एक साड़ी बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹55,000 आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को मोहल्ला पूर्णागिरी नगर निवासी दुकानदार सुबोध कुमार गुप्ता के प्रतिष्ठान से तीन महिलाओं ने पीतल के चार करवा चुरा लिए थे। व्यापारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों संदिग्ध महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
लखीमपुर खीरी से आकर सीतापुर में करती थीं चोरी
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत मुंशीगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रामप्रकाश और उनकी टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर प्लास्टिक की दो बोरियों में छिपाकर रखा गया चोरी का माल बरामद किया। बरामद 14 पीतल के करवों का कुल वजन 17 किलो 350 ग्राम है। इनमें से 10 करवा, एक कूकर और साड़ी तामसेनगंज बाजार की अन्य दुकानों से चुराए गए थे।
पकड़ी गई महिलाओं की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के मैगलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम फत्तेपुर निवासी पूनम, मितौली थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरझला निवासी सुशीला और फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के ग्राम पतरासी निवासी भिदलो के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया है।












